पिकअप वैन से चार अवैध पशु बरामद, तीन पशु तस्कर गिरफ्तार
By Teem Lohardaga live

भंडरा पुलिस को मिली बड़ी सफलता

लोहरदगा। भंडरा थाना पुलिस को शुक्रवार देर रात एन्टी क्राइम चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रांची–लोहरदगा मुख्य मार्ग स्थित कुंदो गांव के पास एक पिकअप वैन से चार अवैध गोवंशीय पशु बरामद करते हुए तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार किया। शनिवार को सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया। इस संबंध में स.अ.नि. संतोष कुमार राय के बयान पर वाहन मालिक, चालक सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
भंडरा थाना प्रभारी रवि रंजन ने बताया कि बीती रात नवडीहा मोड़ के पास एन्टी क्राइम चेकिंग के लिए पुलिस टीम तैनात थी। इसी दौरान भंडरा की ओर से आ रही एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन तेज गति से आगे निकल गया। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए कुंदो मैदान के पास वाहन को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी में पिकअप के डाला में क्षमता से अधिक ठूंसकर लदे चार गोवंशीय पशु पाए गए। सभी पशु भूखे एवं प्यासे प्रतीत हो रहे थे और उन्हें ठीक से बैठने–खड़े होने में भी कठिनाई हो रही थी। वाहन संख्या JH01FG-5114 पंजीकृत पाया गया।
वाहन चालक तथा अन्य दो सवारों से पशु परिवहन से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, किंतु वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि पशुओं को अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपितों में चालक कमल किशोर कुमार, आकाश कुमार यादव तथा जीतू कुमार शामिल हैं।
भंडरा पुलिस ने तीनों आरोपितों, अवैध पशुओं तथा पिकअप वाहन को जब्त कर थाना लाया और पशुओं को सुरक्षा में रखा गया। इस कार्रवाई में स.अ.नि. संतोष कुमार राय, स.अ.नि. नरेन्द्र कुमार पांडेय, स.अ.नि. रामदेव मोची, आरक्षी विजय लकड़ा, ज्योति कुमारी मिंज एवं सबन होरो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
