चार चक्का वाहन चालक प्रशिक्षण का हुआ समापन
By Team orange hindi

RSETI में प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित

लोहरदगा। बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान लोहरदगा में आयोजित चार चक्का वाहन चालक प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक दिवाकर सिन्हा और जेएसएलपीएस के जिला प्रबंधक विपिन चंद्र उपस्थित रहे।
दिवाकर सिन्हा ने कहा कि वाहन चालन का प्रशिक्षण युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार का बेहतर माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण में प्राप्त कौशल का उपयोग कर रोजगार के अवसर तलाशने तथा यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा का हमेशा पालन करने की अपील की।
विपिन चंद्र ने कहा कि कुशल वाहन चालकों की मांग लगातार बनी रहती है। ऐसे प्रशिक्षण के माध्यम से युवा अपने कौशल को बढ़ाकर रोजगार और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
RSETI के संकाय दीपक कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को वाहन संचालन के साथ यातायात नियम, सड़क सुरक्षा, वाहन की सामान्य देखभाल, प्राथमिक उपचार, व्यक्तित्व विकास और स्वरोजगार से जुड़ी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण शिव शंकर तिवारी ने दिया।
समापन समारोह में प्रशिक्षुओं ने अपने अनुभव साझा किए और संस्थान एवं प्रशिक्षकों के प्रति आभार जताया। अतिथियों ने सभी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए प्रमाण पत्र वितरित किए और सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन चालक के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर RSETI के राजीव कुमार, प्रशिक्षक एवं सभी प्रशिक्षु उपस्थित रहे।