Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में आयुष विभाग का नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, मरीजों को होम्योपैथिक दवाएं वितरित

By Team Lohardaga live

General
A

घुटनों के दर्द, कमर दर्द और अन्य बीमारियों के लिए दिया गया चिकित्सीय परामर्श

लोहरदगा। राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत जिला आयुष समिति द्वारा मंगलवार को लोहरदगा सदर प्रखंड कार्यालय के समीप नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। प्रखंड कार्यालय के सामने आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और नि:शुल्क होम्योपैथिक दवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में घुटनों के दर्द, पैरों के दर्द, नसों की समस्या, कमर दर्द, पैरों में सूजन सहित अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ आवश्यक होम्योपैथिक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर डॉ. प्रियल एवं डॉ. रविकांत ने बताया कि बदलती जीवनशैली और भागदौड़ भरे जीवन के कारण लोग विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समय पर उचित चिकित्सा और परामर्श से कई बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि आयुष पद्धति के माध्यम से लोगों को सुरक्षित और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

दिनभर चले शिविर में सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और नि:शुल्क दवाएं प्राप्त कीं। जिला आयुष समिति की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की मांग की।