Orange hindi lohardaga live

घरेलू दायित्वों से मैदान तक: लोहरदगा में महिलाओं का पहला घरेलू क्रिकेट मैच, नारी शक्ति ने रचा इतिहास

By Team Lohardaga live

Sport
महिलाओं की टीम

लोहरदगा। जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से एक अनोखी और सराहनीय पहल करते हुए पहली बार घरेलू महिलाओं का क्रिकेट मैच आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में नारी सम्मान ग्रुप की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और यह साबित कर दिया कि उम्र और जिम्मेदारियां कभी भी हौसलों की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। दिनभर चूल्हा-चौका, बर्तन, झाड़ू जैसे घरेलू कार्यों में व्यस्त रहने वाली महिलाओं को सम्मान देने के उद्देश्य से यह मैच आयोजित किया गया। महिलाओं में भी जबरदस्त उत्साह, जुनून और खेल भावना देखने को मिली। इस आयोजन से न केवल महिलाओं की छिपी प्रतिभा सामने आई, बल्कि आने वाली बालिकाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

मैच का मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति को सम्मान देना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा महिलाओं के मानसिक और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना रहा। आयोजकों का मानना है कि ऐसे प्रयास महिलाओं को सक्रिय जीवन जीने, स्वयं को फिट रखने और परिवार व समाज के कल्याण में और अधिक योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगे।

नारी सम्मान ग्रुप की ए एवं बी टीम के बीच खेले गए इस मैच में ए टीम की कप्तान रचना राय एवं बी टीम की कप्तान अनु अग्रवाल रहीं। रोमांचक मुकाबले में ए टीम ने जीत दर्ज की। मैच के समापन पर सभी खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव आलोक राय सहित अमित कुमार, सरोज प्रजापति, प्रेम, रचना राय, अनु अग्रवाल, सरिता प्रजापति, श्वेता चौरसिया, मंजू सोनी, ऊषा विश्वकर्मा, बबीता सिंह, नवदिता विश्वकर्मा, सरिता देवी, इंदिरा प्रधान, रीना साहू, सविता देवी, उषा उरांव, प्रियंका, दीपिका, पूजा, मधु, मेनका, अलका, अनामिका, वर्षा समेत कई महिलाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन लोहरदगा में महिला क्रिकेट को नई दिशा देने के साथ-साथ समाज में नारी सम्मान और सशक्तिकरण का मजबूत संदेश देता है।