कल से लोहरदगा में दिखेगी पूरे भारत की जनजातीय संस्कृति की झलक : शैलेंद्र
By Team orange hindi

लोहरदगा। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, झारखंड राज्य के तत्वावधान में लोहरदगा के डायट ट्रेनिंग सेंटर, चीरी में नेशनल लेवल ट्राइबल मीट का आयोजन किया जा रहा है। पांच दिवसीय यह राष्ट्रीय जनजातीय सम्मेलन 6 अगस्त से 10 अगस्त तक चलेगा। कार्यक्रम का उद्घाटन 6 अगस्त को शाम 5 बजे पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू बतौर मुख्य अतिथि करेंगे। कार्यक्रम में उपायुक्त संदीप कुमार मीणा एवं पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, पूर्व एमएलसी प्रवीण कुमार सिंह एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अनुपमा भगत अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की सफलता को लेकर भारत स्काउट्स एंड गाइड्स झारखंड राज्य के प्रशासक एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने जिला संस्था को शुभकामनाएं दी हैं। जिला सचिव शैलेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन देश की विभिन्न जनजातीय संस्कृतियों, परंपराओं, कला एवं जीवनशैली को एक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि पहली बार झारखंड के लोहरदगा जिले में राष्ट्रीय स्तर के जनजातीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जो जिले के लिए गौरव और ऐतिहासिक अवसर है।
जिला संगठन आयुक्त सह झारखंड स्टेट ग्रोथ कोऑर्डिनेटर गौतम लेनिन के नेतृत्व में कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से स्काउट्स एवं गाइड्स के प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रतिभागियों का लोहरदगा पहुंचना 5 अगस्त से शुरू हो जाएगा। सम्मेलन के दौरान देश के विभिन्न राज्यों की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और विविधता की झलक देखने को मिलेगी।
जिला सचिव शैलेंद्र कुमार सुमन ने कहा कि यह आयोजन लोहरदगा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विविधता को समझने और आपसी समन्वय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रशासन की ओर से भी भारत स्काउट्स एंड गाइड्स लोहरदगा को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। राष्ट्रीय जनजातीय सम्मेलन के आयोजन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और लोहरदगा इस ऐतिहासिक आयोजन का गवाह बनने जा रहा है।