Orange hindi lohardaga live

गांधी परिवार ने देश के लिए निरंतर बलिदान दिए : सांसद सुखदेव भगत

By Team Lohardaga live

political
सांसद सुखदेव भगत

भाजपा को इतिहास पढ़ने की जरूरत, पूर्वाग्रह से बयान देना अनुचित

लोहरदगा। लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर उठे राजनीतिक विवाद पर लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने भारतीय जनता पार्टी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को किसी पर टिप्पणी करने से पहले देश का इतिहास पढ़ना चाहिए।

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि जिस गांधी परिवार के बारे में सवाल उठाए जा रहे हैं, उसने देश के लिए लगातार बलिदान दिए हैं। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू आजादी की लड़ाई के दौरान कई वर्षों तक जेल में रहे। इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, वहीं राजीव गांधी ने भी देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। ऐसे परिवार के खिलाफ इस तरह के बयान देना निंदनीय और गलत है।

उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी द्वारा जर्मनी के बर्लिन में उठाए गए मुद्दे तथ्यों पर आधारित हैं और उन पर गंभीरता से विचार और जांच होनी चाहिए। सांसद ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति पर केवल पूर्वाग्रह के आधार पर आरोप लगाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

सुखदेव भगत ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल उठाना और संवाद करना जरूरी है, लेकिन इसके लिए तथ्य और इतिहास की सही समझ होना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने भाजपा से अपील की कि वह जिम्मेदार राजनीति करे और तथ्यहीन आरोपों से बचे।