लोहरदगा रेलवे स्टेशन पहुंचे दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
By Team Lohardaga live

यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
लोहरदगा। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने शुक्रवार को लोहरदगा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। रांची रेल मंडल के अधिकारियों के साथ पहुंचे महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ रांची मंडल की मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक विनोद कुमार, सहायक वाणिज्य प्रबंधक अनिल कुमार जिराए, स्टेशन प्रबंधक गजेंद्र प्रसाद यादव तथा स्टेशन मास्टर आनंद कुमार भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्टेशन परिसर, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
महाप्रबंधक ने स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने, सुविधाओं के बेहतर रखरखाव तथा यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन के भविष्य के विकास कार्यों और आधारभूत संरचना को और मजबूत बनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। वरिष्ठ अधिकारियों ने रेलवे कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी भी ली है।
