लोहरदगा में ट्रेन इंजन की चपेट में आकर युवती गंभीर रूप से घायल
By Team Lohardaga live

फोन पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रही थी, रिम्स भेजी गई
लोहरदगा। जिले के कुटमू पुराने रेल फाटक के पास शनिवार पूर्वाहन एक युवती ट्रेन इंजन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती की पहचान गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के आदर निवासी बुधवा उरांव की 38 वर्षीय बेटी लीलावती कुमारी के रूप में हुई है।
लीलावती लोहरदगा के कुटमू रेलवे फाटक के पास किराए के घर में रहकर कंप्यूटर प्रशिक्षण लेती थी। सुबह वह रेलवे ट्रैक पार कर रही थी, तभी लोहरदगा से बड़की चांपी की ओर जा रहे ट्रेन इंजन से उसका ध्यान हट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती फोन पर बात कर रही थी, जिसके कारण वह इंजन को देख नहीं पाई और उसका सिर इंजन से टकरा गया।
स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। घटना के समय परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे घायल को रिम्स भेजने में देरी हुई।
