मिशन चौक में राम मंदिर की झलक, मां चंडी के दरबार में उमड़े श्रद्धालु
By Team orangehindi


पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने किया पूजा पंडाल का उद्घाटन, पट खुलते ही दर्शन के लिए पहुंचने लगे भक्त
लोहरदगा। शारदीय नवरात्र के महासप्तमी पर लोहरदगा में भक्ति और आस्था का माहौल चरम पर पहुंच गया है। शहर के प्रमुख पूजा पंडालों के पट खुलने के साथ ही मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। इसी कड़ी में मिशन चौक स्थित मां चंडी नवयुवक संघ दुर्गा पूजा समिति का पूजा पंडाल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस वर्ष पंडाल को अयोध्या के राम मंदिर के प्रारूप पर तैयार किया गया है, जिसकी भव्यता और कलात्मक सजावट श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है।
महासप्तमी के पावन अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पंडाल का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा से लोहरदगा सहित पूरे राज्य में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
उद्घाटन के बाद पूजा पंडाल के पट आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। राम मंदिर की तर्ज पर निर्मित पंडाल को देखने के लिए स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आकर्षक बनावट और साज-सज्जा के कारण यह पंडाल पूजा उत्सव का प्रमुख आकर्षण बना हुआ है।
नवरात्र के दौरान मां दुर्गा की आराधना में लीन श्रद्धालु पूजा-पंडालों में पहुंचकर दर्शन-पूजन कर रहे हैं। शहर में धार्मिक उत्साह और उत्सवी माहौल के बीच दुर्गापूजा की रौनक बढ़ गई है।