ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का सुनहरा मौका, भंडरा में तीन पंचायत भवनों में लगेगा विशेष कैंप
By Team orange hindi
लोहरदगा। चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय, लोहरदगा की ओर से प्रखंड स्तर पर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में भंडरा प्रखंड क्षेत्र में पंचायत स्तर पर तीन विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 अगस्त को आकाशी, भंडरा एवं उदरंगी पंचायत के लोगों के लिए भंडरा पंचायत भवन में शिविर लगेगा। वहीं 24 अगस्त को मीठा, बड़गाई एवं जमगाई पंचायत के लिए जमगाई पंचायत भवन तथा 27 अगस्त को भौंरो, मसमानो एवं उदरंगी गडरोपा पंचायत के लिए भौंरो पंचायत भवन में विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा।
सभी शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे। इस दौरान पात्र आवेदक ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
ये दस्तावेज लाना जरूरी
आवेदकों को शिविर में आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, निवास प्रमाण पत्र, मोबाइल नंबर, आयु प्रमाण पत्र और मेडिकल/ब्लड ग्रुप संबंधी दस्तावेज साथ लाना होगा।
जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार लर्निंग लाइसेंस और ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन एवं अन्य प्रक्रिया की जानकारी के लिए आवेदक अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र/CSC से संपर्क कर सकते हैं।
कितना लगेगा शुल्क?
लर्निंग लाइसेंस के लिए दोपहिया वाहन का शुल्क ₹250 निर्धारित है। इसके अलावा लाइसेंस की प्रिंटिंग फीस ₹25.65 देय होगी।
इसी तरह ड्राइविंग लाइसेंस के लिए दोपहिया वाहन का शुल्क ₹250 है, जबकि प्रिंटिंग फीस ₹62.65 निर्धारित की गई है।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर इस विशेष सुविधा का लाभ उठाएं।