Orange hindi lohardaga live

गोरा टोली ने जीता फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब, फाइनल में तुसरूकोना को 1-0 से हराया

By Team orange hindi

Sport
गोरा टोली ने जीता फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब, फाइनल में तुसरूकोना को 1-0 से हराया

आदिवासी क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं, उन्हें बेहतर मंच और संसाधन उपलब्ध कराना प्राथमिकता: सांसद सुखदेव भगत

गोरा टोली ने जीता फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब, फाइनल में तुसरूकोना को 1-0 से हराया

बिशुनपुर/ लोहरदगा। खेल के रोमांच, खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह के बीच बिशुनपुर प्रखंड के नरमा गांव में नव युवक सरना समिति द्वारा आयोजित पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में गोरा टोली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तुसरूकोना को 1-0 से पराजित कर टूर्नामेंट की चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।

फाइनल मुकाबला शुरू से ही रोमांचक रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोरदार प्रयास किया। मैदान पर खिलाड़ियों के हर शानदार प्रयास और गोल के मौके पर दर्शकों ने तालियों एवं उत्साहवर्धन से उनका हौसला बढ़ाया। आखिरकार गोरा टोली ने एक गोल की बढ़त बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

समापन समारोह में लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजन समिति की ओर से ढोल-मांदर और पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज के साथ सांसद का स्वागत किया गया। सांसद ने मैदान में पहुंचकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह बढ़ाया।

खेल में हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण जज्बा: सांसद

पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल भावना का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान पर खिलाड़ियों का जज्बा, अनुशासन और मेहनत ही उनकी वास्तविक पहचान है।

उन्होंने कहा कि वे सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।

सांसद ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में फुटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि लोगों की पहचान और जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को बेहतर मैदान, प्रशिक्षण, संसाधन और उचित मंच उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से निकलने वाली खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लोहरदगा संसदीय क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया कि खेल और खिलाड़ियों के हित में वे हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।

समारोह के दौरान विजेता गोरा टोली एवं उपविजेता तुसरूकोना की टीम को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

मौके पर भारतीय फुटबॉल टीम के सदस्य अष्टम उरांव, पवन उरांव, कमला उरांव, सुशील मुंडा, वसनु उरांव, महात्मा उरांव, दयानंद उरांव, आलोक कुमार साहू, शाहिद अहमद बेलू, बाबू सिंह, अनवर अंसारी, फूलदेव उरांव, मोती चौबे, वीरेंद्र यादव सहित आयोजन समिति के अध्यक्ष, सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

और पढ़ें