Orange hindi lohardaga live

सरकारी योजनाओं में दलालों का कब्जा, प्रशासन करे कार्रवाई : अजातशत्रु

By Team Lohardaga live

social
मामले की जानकारी देते अजातशत्रु व अन्य

लोहरदगा। भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अजातशत्रु ने कहा है कि लोहरदगा जिले में संचालित कई सरकारी योजनाओं में दलालों का कब्जा है। उन्होंने जिला प्रशासन से ऐसे दलालों पर तत्काल अंकुश लगाने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

अजातशत्रु ने आरोप लगाया कि कुछ लोग ग्रामीणों को वृद्धा, विधवा, विकलांग पेंशन, आवास योजना एवं कल्याण विभाग की गाड़ी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से सेन्हा थाना क्षेत्र के उगरा निवासी कयूम अंसारी पर कई गांवों के ग्रामीणों से ठगी करने का आरोप लगाया।

उन्होंने बताया कि शिकायत के बावजूद सेन्हा थाना में प्रारंभ में कार्रवाई नहीं की गई और ठगी के शिकार लाभुकों को फटकार लगाकर भगा दिया गया। बाद में उपायुक्त के हस्तक्षेप से मामला दर्ज हुआ, परंतु अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

अजातशत्रु ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ऐसे थाना प्रभारी को तत्काल हटाया जाए और किसी संवेदनशील अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी जाए ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।

भाजपा नेता अनिल उरांव और लक्ष्मी नारायण भगत ने भी दलालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि यदि पीड़ितों का पैसा वापस नहीं मिला तो पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी।

वहीं इस मामले में सेन्हा थाना प्रभारी ने सभी आरोपों से इंकार किया है।