नीट पर सरकार की 'आई वॉश', नियत पर उठे सवाल : सांसद सुखदेव भगत
By Team Lohardaga live

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे में 'पेपर लीक' का जिक्र तक नहीं, जिम्मेदारी तय करे केंद्र सरकार
लोहरदगा। नीट पेपर लीक मामले को लेकर लोहरदगा के कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार की पूरी कार्रवाई केवल "आई वॉश" है और इससे यह नहीं लगता कि वह इस गंभीर मामले को लेकर वास्तव में संवेदनशील है।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे में कहीं भी "पेपर लीक" शब्द का उल्लेख नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे स्पष्ट होता है कि सरकार इस पूरे मामले की वास्तविक जिम्मेदारी स्वीकार करने से बच रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया कि पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले परीक्षा में गड़बड़ियों पर सख्त कानून की बात कही गई थी, लेकिन अब सरकार इस मुद्दे पर मौन है।
सांसद भगत ने कहा कि यह केवल किसी कानून का नहीं, बल्कि सरकार की नीयत और इच्छाशक्ति का सवाल है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पेपर लीक और छात्रों पर हुई कार्रवाई के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उपलब्धियों का श्रेय लेने में आगे रहती है, लेकिन जब जवाबदेही की बात आती है तो जिम्मेदारी से पीछे हट जाती है। सांसद ने कहा कि करोड़ों छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मामले में केंद्र सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए और दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।