Orange hindi lohardaga live

निंगनी गांव में काली पूजा का भव्य आयोजन, झारखंडी संस्कृति से सराबोर रहा मेला

By Team Lohardaga live

Culture
नाट्य कला की प्रस्तुति देते कलाकार
महाकाल क्लब द्वारा जारी पोस्ट

लोहरदगा जिले में इस वर्ष काली पूजा का उत्साह चरम पर देखने को मिला। जिले के निंगनी गांव में मां काली की भव्य पूजा-अर्चना की गई। काली पूजा समिति श्री महाकाल परिवार के अध्यक्ष गौतम कुमार साहू के नेतृत्व में पूजा के दूसरे दिन झारखंडी कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक भव्य मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मेले में लोहरदगा के साथ-साथ लातेहार, गुमला, रांची सहित आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। पूरे मेला परिसर में जनसैलाब उमड़ पड़ा और लोग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद उठाते दिखाई दिए।

कार्यक्रम में ओड़िशा की प्रसिद्ध गायिका उर्मिला महंतो तथा झारखंड के लोकप्रिय गायक पवन रॉय, सुमन गुप्ता सहित कई कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में महिला उत्पीड़न जैसे सामाजिक मुद्दों पर नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसके माध्यम से लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के आयोजन से लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मेला स्थल पहुंचे और झारखंडी लोककला, नागपुरी गीतों और भक्ति संगीत पर झूमते नजर आए।

मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजन समिति के सदस्यों डॉ. टी. साहू, राजेन्द्र साहू, संरक्षक कृष्ण प्रसाद साहू, प्रदीप साहू, रामचंद्र साहू और मुकेश साहू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

आयोजकों ने बताया कि साल 1982 से निंगनी गांव में निरंतर भव्य काली पूजा का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा के साथ-साथ मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जो अब इस क्षेत्र की परंपरा बन चुकी है।

निंगनी का काली पूजा मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह झारखंड की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण भी है।