Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में राज्य स्थापना दिवस पर भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम, 117.73 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन

By Team Lohardaga live

Administrative
शिलान्यास करती मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की व जिले के अधिकारी

कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की हुईं मुख्य अतिथि, लाभुकों के बीच 4.92 करोड़ की परिसंपत्तियों का वितरण

लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण करती मंत्री

लोहरदगा। जिले के समाहरणालय मैदान में झारखंड राज्य स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम सह विकास मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुईं। वहीं उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, डीडीसी दिलीप सिंह शेखावत समेत जिले के कई वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान झारखंड राज्य गठन के 25वें स्थापना दिवस पर जिले में विकास को गति देने के लिए 117 करोड़ 73 लाख रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। इसके अलावा जिले के कई लाभुकों के बीच 4 करोड़ 92 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राज्यवासियों को स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड आज अपना 25वां स्थापना दिवस मना रहा है, जो पूरे राज्य के लिए गर्व और उपलब्धि का अवसर है। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष और मेहनत के बाद बना यह राज्य अब संभावनाओं के दौर में प्रवेश कर रहा है।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गठबंधन सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाने तथा राज्य को मजबूत दिशा देने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाला समय झारखंड के लिए नए विकास की राह खोलेगा।