बक्सीडीपा मैदान में विजयदशमी पर्व पर भव्य मेला आयोजित, रावण दहन बाधित
By Team Lohardaga Live



लोहरदगा। विजयदशमी पर्व पारंपरिक उल्लास और श्रद्धा के साथ गुरुवार को सम्पन्न हुआ। बक्सीडीपा स्थित मैदान में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति द्वारा भव्य रावण दहन एवं मेला का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों की उपस्थिति रही।
मेला का प्रमुख आकर्षण रावण दहन तथा आतिशबाज़ी रहा। मैदान में राम, लक्ष्मण एवं हनुमान के प्रतिरूप उपस्थित थे, जिनके द्वारा भगवान राम की परंपरा के अनुसार रावण का दहन किया गया।
*बारिश से रावण दहन बाधित*
कार्यक्रम के दौरान अचानक हुई तेज बारिश के कारण रावण का पुतला भीग गया, जिससे वह पूर्ण रूप से नहीं जल सका और रावण दहन का कार्यक्रम बाधित हो गया। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 60 फीट ऊंचे रावण के साथ मेघनाद एवं कुंभकर्ण के पुतले भी तैयार किए गए थे।
*अतिथियों का संबोधन*
कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद तथा पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिज़वी ने लोगों को संबोधित किया और दशहरा की बधाई दी। धीरज प्रसाद साहू ने अपने संबोधन में कहा कि दशहरा पर्व सामाजिक एकता एवं भाईचारे का प्रतीक है।
*उपायुक्त का संदेश*
उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद ने कहा कि विजयदशमी की मूल भावना असत्य पर सत्य तथा अधर्म पर धर्म की विजय को प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए और सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध आवाज उठानी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिज़वी ने कहा कि इस आयोजन में विभिन्न समुदायों की बड़ी संख्या में सहभागिता आपसी सद्भाव और एकता का प्रतीक है तथा सभी को इस सौहार्दपूर्ण वातावरण को बनाए रखना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति द्वारा दुर्गा पूजा समितियों द्वारा निर्मित पंडालों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
