68वीं झारखंड ओपन एथलेटिक मीट का लोहरदगा में हुआ भव्य समापन
By Team Lohardaga live

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, विधायक और पूर्व सांसद रहे मौजूद, खेल के विकास पर दिया जोर

लोहरदगा। एथलेटिक एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 68वीं झारखंड ओपन एथलेटिक मीट का समापन ललित नारायण स्टेडियम में भव्य तरीके से किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी शेफाली साहू, धीरज प्रसाद साहू, संजय साहू, डॉ. रामेश्वर उरांव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
लोहरदगा मेरी जन्म और कर्मभूमि : धीरज प्रसाद साहू
पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि लोहरदगा उनकी जन्म और कर्मभूमि है। जिला का सर्वांगीण विकास करते हुए युवाओं को खेल से जोड़ना उनका उद्देश्य है, ताकि युवा भटकाव से दूर रहें। उन्होंने कहा कि 1951 से आदिवासी बाहुल्य धरती पर आयोजित यह खेलकूद प्रतियोगिता केवल साहू परिवार की नहीं बल्कि पूरे लोहरदगा की धरोहर है।
स्टेडियम का समग्र विकास जरूरी : केशव महतो कमलेश
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि लोहरदगा में कभी झारखंड ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से भी खिलाड़ी आते थे। स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू की यह धरोहर ललित नारायण स्टेडियम है, जिसका संरक्षण और विकास आवश्यक है। इसके लिए वे सरकार से बातचीत करेंगे।
शौचालय निर्माण शुरू, खिलाड़ियों को मिलेगी सुविधा : डॉ. रामेश्वर उरांव
विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि साहू परिवार द्वारा शुरू की गई यह खेलकूद परंपरा लोहरदगा की पहचान है। उन्होंने बताया कि ललित नारायण स्टेडियम में शौचालय निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिससे विशेषकर महिला खिलाड़ियों को सुविधा मिलेगी।
प्रतियोगिता ने ताजा कीं यादें : शेफाली साहू, संजय साहू
स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू की धर्मपत्नी शेफाली साहू ने कहा कि यहां आकर उन्हें अपने पति की यादें जीवंत हो जाती हैं। खेलकूद प्रतियोगिता से उनकी गहरी आस्था है और इसे हमेशा जारी रखना चाहिए। वहीं संगठन सचिव सह कोषाध्यक्ष संजय कुमार साहू ने कहा कि यह प्रतियोगिता उनके पिता की स्मृतियों को जीवंत करती है।
13 जिलों के 500 खिलाड़ियों ने लिया भाग
झारखंड के 13 जिलों से लगभग 500 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। 15 किलोमीटर रोड रेस में लक्ष्य एकेडमी रांची के अमरजीत विजेता बने। फैंसी ड्रेस और जलेबी रेस दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। खिलाड़ियों को उपयोगी सामग्री पुरस्कार स्वरूप देकर सम्मानित किया गया।
लोहरदगा टीम बनी चैंपियन
कोच विकास कुमार महतो के नेतृत्व में लोहरदगा की एथलेटिक टीम ने महिला और पुरुष दोनों वर्गों में चैंपियनशिप हासिल की। जूनियर बालिका वर्ग में संत टेरेसा महुआ ढांड, लातेहार की टीम चैंपियन बनी। उर्स लाइन कन्वेंट बालिका स्कूल को सर्वश्रेष्ठ स्वागत के लिए ट्रॉफी दी गई।
सम्मान और पत्रिका विमोचन
लंबे समय तक सेवा देने वाले सदस्यों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पत्रकारों और मीडिया कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर ‘उड़ान’ पत्रिका का विमोचन किया गया, जिसका संचालन मुमताज अहमद ने किया।
पहली बार खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समय पर किया गया, जिसकी सभी अतिथियों ने सराहना की। कार्यक्रम के सफल संचालन में झारखंड एथलेटिक एसोसिएशन के तकनीकी पदाधिकारियों सहित आयोजक टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
