चटकपुर फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन, सांसद सुखदेव भगत ने विजेताओं को किया पुरस्कृत
By Team orangehindi

खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं, सही मंच और प्रोत्साहन की जरूरत : सुखदेव भगत
लोहरदगा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर कुड़ू प्रखंड के चटकपुर मैदान में आयोजित ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति और ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया।
फाइनल मुकाबले से पहले सांसद सुखदेव भगत मैदान में पहुंचे और दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। सांसद को अपने बीच पाकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखा गया। मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद ने महात्मा गांधी को जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने आयोजन समिति को गांधी जी के नाम पर फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।
सांसद ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच और निरंतर प्रोत्साहन देने की। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के निर्धारित नियमों का पालन करते हुए अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बेहतर प्रदर्शन के दम पर खिलाड़ी जिला स्तर से राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। खेल के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के साथ सरकारी नौकरी में खेल कोटा और अन्य योजनाओं का लाभ भी खिलाड़ियों को मिल सकता है। सांसद ने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।