लोहरदगा प्रीमियर लीग 2025 का भव्य समापन, सांसद सुखदेव भगत ने कहा—युवाओं के लिए बनेगा मील का पत्थर
By Teem Lohardaga live


लोहरदगा। नदिया हिंदू हाई स्कूल मिनी स्टेडियम, लोहरदगा में सोमवार को लोहरदगा प्रीमियर लीग 2025 का समापन समारोह बड़ी धूमधाम से संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद सुखदेव भगत थे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, रविंद्र सिंह, उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिज़वी, डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अनुपमा भगत और लोहरदगा प्रीमियर लीग के संयोजक अभिनव सिद्धार्थ सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
फाइनल मुकाबला लोहरदगा टाउन टाइटंस और कैरो काइनेटिक्स के बीच खेला गया। मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि लोहरदगा प्रीमियर लीग जिले के युवाओं के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह मंच स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है। आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और भव्य रूप दिया जाएगा ताकि जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। सांसद ने यह भी कहा कि इस टूर्नामेंट में विदेशी और बाहरी राज्यों के खिलाड़ियों की भागीदारी ने इसे और आकर्षक बना दिया है।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि लोहरदगा की धरती पर इस तरह का आयोजन पहली बार हुआ है, जो अत्यंत सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता से नई प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में झारखंड प्रीमियर लीग जैसे बड़े आयोजन भी यहां होंगे, जिनमें स्थानीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद ने कहा कि इस क्षेत्र में प्रतिभावान खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। जिले के खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं और यह आयोजन उन्हें और ऊंचाई तक पहुंचाने का अवसर देगा।
इस अवसर पर एसपी सादिक अनवर रिज़वी, डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आयोजन समिति के संयोजक अभिनव सिद्धार्थ भगत ने कहा कि यह टूर्नामेंट न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि दर्शकों के लिए भी एक यादगार अनुभव साबित हुआ। उन्होंने बताया कि लीग का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच देना है ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
समारोह की शुरुआत झारखंडी संस्कृति के अनुरूप पारंपरिक स्वागत से हुई। टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों—लोहरदगा लायंस, सेन्हा स्टैलियंस, भंडरा बुल्स, कैरो काइनेटिक्स, टाउन टाइटंस, पेशरार पैंथर्स, किस्को किंग्स और कूडू नाइट्स—ने भाग लिया।
समापन समारोह में आयोजन समिति के सदस्य अभिनव सिद्धार्थ, शाश्वत सिद्धार्थ, रऊफ अंसारी, शाहिद अहमद बेलू, साजिद अहमद चंगू, आलोक कुमार साहू, कुणाल अभिषेक, राजीव कुमार, रितेश सिंह, विजय चौहान, नंदकिशोर शुक्ला, शामिद अंसारी, सोनू कुरैशी, मनोज भगत, दिनेश अग्रवाल, माजिद चौधरी, मुजिबुल रहमान, सूरज उरांव सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित थे।
भव्य समापन के साथ लोहरदगा प्रीमियर लीग 2025 जिले के खेल इतिहास में एक नई शुरुआत के रूप में याद किया जाएगा।
