Orange hindi lohardaga live

सलगी फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, आठ टीमों को नकद राशि व खस्सी से किया सम्मानि

By Team orangehindi

General
सलगी फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, आठ टीमों को नकद राशि व खस्सी से किया सम्मानि

झामुमो जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद बोले—ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर मंच और अवसर दिलाने के लिए रहेंगे प्रतिबद्ध

कुड़ू/लोहरदगा। कुड़ू प्रखंड के सलगी पंचायत स्थित स्कूल मैदान में आयोजित चार दिवसीय इनामी राशि सह खस्सी फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोहरदगा जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद शामिल हुए। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और ग्रामीणों की काफी भीड़ रही।

समारोह को संबोधित करते हुए मोजम्मिल अहमद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के साथ रोजगार और आर्थिक स्वावलंबन से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रही है। खिलाड़ियों से खेल के निर्धारित नियमों और अनुशासन का पालन करते हुए नियमित अभ्यास करने का आह्वान किया।

उन्होंने युवाओं से नशापान से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच के साथ खेल के प्रति समर्पण से खिलाड़ी बेहतर मुकाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि खेल अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि रोजगार और करियर निर्माण का भी महत्वपूर्ण क्षेत्र बन चुका है। उन्होंने लोहरदगा के खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए हमेशा कृतसंकल्पित रहने की बात कही।

समापन समारोह में मोजम्मिल अहमद का आयोजन समिति की ओर से आदिवासी रीति-रिवाज और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा कर्मा पर्व की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीम समेत पुरुष वर्ग में आठवें स्थान तक रहने वाली टीमों को नकद पुरस्कार राशि एवं खस्सी देकर सम्मानित किया गया। चार दिनों तक चले मुकाबलों में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची टीमों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी मैदान में जुटे रहे। मौके पर आयोजन समिति के पदाधिकारी व सदस्य, स्थानीय ग्रामीण और खेलप्रेमी मौजूद थे।

और पढ़ें