आदिवासी दिवस पर कुडू में निकली भव्य रैली, धीरज प्रसाद साहू हुए शामिल
By Team orange hindi

जल, जंगल और जमीन की रक्षा में आदिवासी समाज की भूमिका महत्वपूर्ण : धीरज प्रसाद साहू
लोहरदगा। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को कुडू प्रखंड में आदिवासी समाज की ओर से भव्य रैली निकाली गई। पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे रैली में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच निकली रैली में आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और एकजुटता की झलक देखने को मिली।
रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू भी शामिल हुए। उन्होंने लोगों से मुलाकात कर विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए आदिवासी समाज की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया गया।
आदिवासी समाज की पहचान उसकी संस्कृति और प्रकृति से जुड़ी : धीरज प्रसाद साहू
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपरा, प्रकृति के प्रति लगाव और सामाजिक एकता से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं है, बल्कि समाज के अधिकारों, सम्मान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संकल्प लेने का भी दिन है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। विकास के साथ शिक्षा, रोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाना चाहिए, वहीं समाज की पारंपरिक पहचान और विरासत को भी सुरक्षित रखना होगा।
रैली के दौरान कुडू प्रखंड में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने रैली का स्वागत किया। इसमें सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से आदिवासी समाज ने अपनी संस्कृति, एकता और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।