Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा नगर अध्यक्ष पद के सबसे युवा प्रत्याशी विशाल डुंगडुंग का भव्य रोड शो, उमड़ा जनसैलाब

By Team Lohardaga live

political
रोड शो में उपस्थित प्रत्याशी व भीड़

युवा नेतृत्व के समर्थन में सड़कों पर उतरे सैकड़ों लोग, विकास और पारदर्शिता का दिया भरोसा

अभिवादन करते प्रत्याशी व अन्य

लोहरदगा। नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के सबसे युवा प्रत्याशी विशाल डुंगडुंग ने बुधवार को शक्ति प्रदर्शन करते हुए भव्य रोड शो निकाला। इस दौरान शहर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। विभिन्न वार्डों से सैकड़ों की संख्या में लोग रोड शो में शामिल हुए। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी ने पूरे नगर का माहौल चुनावी रंग में रंग दिया।

खुले वाहन से किया जनसम्पर्क, फूल-मालाओं से हुआ स्वागत

रोड शो के दौरान विशाल डुंगडुंग खुले वाहन पर सवार होकर लोगों का अभिवादन करते नजर आए। जगह-जगह नागरिकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। “युवा नेतृत्व, नया बदलाव” के नारों से शहर गूंज उठा। कई स्थानों पर स्थानीय महिलाओं ने आरती उतारकर उनका अभिनंदन किया।

मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने का वादा

जनसमूह को संबोधित करते हुए विशाल डुंगडुंग ने कहा कि वे राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हैं और नगर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सड़क, नाली, स्वच्छता, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि लोहरदगा को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित नगर बनाना उनका लक्ष्य है तथा विकास कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाएगी।

भ्रष्टाचार पर सख्त रुख

अपने संबोधन में उन्होंने नगर निकाय में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी स्पष्ट रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता के हक का एक-एक पैसा विकास कार्यों पर खर्च होगा। यदि कहीं गड़बड़ी पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चुनावी मुकाबला हुआ रोचक

रोड शो में उमड़ी भीड़ को देखकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय युवाओं का कहना है कि वे एक ऊर्जावान और ईमानदार नेतृत्व चाहते हैं, जो नगर की समस्याओं को समझकर ठोस समाधान कर सके। इस भव्य रोड शो के बाद नगर में चुनावी सरगर्मी और तेज हो गई है तथा मुकाबला रोचक होता नजर आ रहा है।