हिंडाल्को ने सेरेंगदाग माइंस में दीर्घकालिक सेवा करने वाले श्रमिकों को किया सम्मानित
By Team Lohardaga live

25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर चार श्रमिकों को चांदी का मोमेंटो प्रदान
लोहरदगा। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, खान प्रभाग लोहरदगा द्वारा संचालित सेरेंगदाग माइंस में शुक्रवार को दीर्घकालिक सेवा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कंपनी में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले चार श्रमिकों को चांदी का मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर सभी श्रमिक काफी उत्साहित दिखाई दिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मानव संसाधन विकास विभाग के अधिकारी मनोज कुमार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सहायक महाप्रबंधक (झारखंड एवं छत्तीसगढ़) चिन्मय दास ने कहा कि श्रमिकों की निरंतर मेहनत और प्रतिबद्धता से कंपनी ने बेहतर पहचान बनाई है। उन्होंने सभी सम्मानित श्रमिकों को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर खान प्रबंधक अखिलेश सिन्हा और ऋषभ गौरव ने भी श्रमिकों को शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में डॉ. पवन कुमार, विधि विभाग से विपुल कुमार, भूगर्भ विभाग से संजय शर्मा, नवनीत जायसवाल, काजल चक्रवर्ती सहित कई खानकर्मी और स्थाई श्रमिक उपस्थित रहे।
