Orange hindi lohardaga live

हिंडाल्को अपनी हरकतों से बाज आए : धीरज प्रसाद साहू

By Team Lohardaga live

General
ट्रक ओनर एसोसिएशन की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी

ट्रक मालिकों के शोषण के आरोप पर भड़का ट्रक ऑनर एसोसिएशन, आंदोलन की चेतावनी

लोहरदगा/चंदवा।

लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को एसोसिएशन के सचिव मुद्रिका यादव के आवास बक्शी डीपा में संपन्न हुई। वहीं दूसरी बैठक चंदवा में सलाहकार समिति के वरिष्ठ सदस्य संतोष साहू के आवासीय प्रांगण में आयोजित की गई। दोनों बैठकों में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एक स्वर में हिंडाल्को प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए।

बैठक में कहा गया कि हिंडाल्को कंपनी के एक कर्मचारी द्वारा ट्रक मालिकों को परेशान करने और उन्हें आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में कंपनी प्रबंधन को पूर्व में ही लिखित शिकायत दी जा चुकी है। बैठक के दौरान एसोसिएशन के संरक्षक सह पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया गया।

संरक्षक धीरज प्रसाद साहू ने स्पष्ट कहा कि ट्रक मालिकों का किसी भी तरह का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हिंडाल्को या उसके किसी भी कर्मचारी द्वारा शोषण जारी रखा गया, तो इसके खिलाफ जोरदार आंदोलन किया जाएगा।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कंपनी को जो समय सीमा (अल्टीमेटम) दी गई थी, वह मंगलवार को समाप्त हो रही है। इसके बाद आंदोलन की शुरुआत करते हुए सभी ट्रकों का परिचालन बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक संबंधित भ्रष्ट कर्मचारी को यहां से हटाया नहीं जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

लोहरदगा में हुई बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह, सचिव मुद्रिका यादव, कोषाध्यक्ष अभय सिंह, उपाध्यक्ष रहमत अंसारी, बरज सिंह, मो. गुड्डू अंसारी, दीपक साहू, मोहम्मद गुड्डू, मो. अमानुल्लाह, मो. बबलू, मो. बबलू (कोयला), मुख्तार अंसारी, मुन्ना खान, वीरेंद्र उरांव सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

वहीं चंदवा में आयोजित बैठक में सलाहकार समिति के मुख्य सलाहकार संतोष साहू, उपाध्यक्ष मनीष सिंह, सह सचिव राजेश विश्वकर्मा, सह सचिव इरशाद उर्फ बब्लू सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।