दो घरों पर गिरा विशाल पेड़, परिवार के लोग बाल-बाल बचे
By Team orangehindi

वाले मकान को नुकसान, एस्बेस्टस की छत भी क्षतिग्रस्त; पीड़ितों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की
लोहरदगा। शहर के बांग्ला रोड स्थित वार्ड नंबर-9 में शुक्रवार की भोर करीब तीन बजे पुरानी नगर पालिका परिसर में लगा विशालकाय पेड़ अचानक दो घरों पर जा गिरा। हादसे में मोहम्मद मेराज, पिता मोहम्मद समद और मोहम्मद तबरेज, पिता स्वर्गीय नासिर खान के मकानों को काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि घटना के समय घर में मौजूद परिवार के लोग बाल-बाल बच गए।
पीड़ित परिवारों के अनुसार, हादसे के वक्त सभी लोग बच्चों के साथ घर में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज सुनाई दी। जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते, विशाल पेड़ मकानों पर गिर चुका था। खतरा भांपकर परिवार के लोग बच्चों को लेकर सुरक्षित स्थान पर चले गए। पेड़ के गिरने से पिलर वाले मकान के पिलर तक प्रभावित हुए हैं, जबकि एस्बेस्टस की छत वाले मकान को भी काफी क्षति पहुंची है। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित मेराज और तबरेज ने बताया कि अचानक हुए हादसे में उनकी और परिवार की जान बच गई, लेकिन मकानों को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकानों का स्थल निरीक्षण कर उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। पीड़ितों का कहना है कि वे आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हैं और अपने स्तर पर मकानों की मरम्मत कराना उनके लिए मुश्किल है।
घटना की जानकारी मिलने पर नगर परिषद उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर और वार्ड पार्षद अब्दुल वारिस मौके पर पहुंचे। दोनों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और
हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रशासन के स्तर से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए पहल करने की बात कही।