जतरा हमारी सभ्यता एवं संस्कृति की पहचान:- अभिनव
By Team Lohardaga Live

भंडरा। प्रखंड के ग्राम डूमरी में जितिया जतरा के अवसर पर आदिवासी जतरा समिति द्वारा सामाजिक परंपरा और रीति-रिवाज के साथ जतरा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अभिनव सिद्धार्थ भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि अभिनव सिद्धार्थ भगत के जतरा स्थल पर पहुंचने पर आयोजन समिति के द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाज और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। उन्हें बुके और साल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभिनव सिद्धार्थ भगत ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को एक सूत्र में बांधने का प्रयास करना हम सभी का दायित्व है, ताकि आने वाली पीढ़ी हमारे पूर्वजों द्वारा बताए गए रीति-रिवाजों का अनुसरण कर समाज को आगे बढ़ा सके। उन्होंने कहा कि जतरा हमारी सभ्यता और संस्कृति की पहचान है।
जतरा में काफी संख्या में पारंपरिक ढोल-नगाड़ा के साथ खोड़हा दल शामिल हुए, जिनमें ग्राम कोटा, पंडरिया, पतरारोली, जिलको, खाका, डूमरी, कचमची और कई अन्य दल शामिल थे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सिमोन खाखा, सचिव अर्जुन उरांव और कोषाध्यक्ष निरज लकड़ा के नेतृत्व में पाहन-पुजारी, ग्रामीण युवा और समाजिक लोगों के सहयोग से इस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
