कटाई की गई फसल अगर बारिश से हुई है क्षतिग्रस्त तो बीमित किसान करें 14447 पर कॉल : डॉ ताराचंद
By Team lohardaga live

बारिश से हुई फसल क्षति को ले डीसी की अध्यक्षता में आयोजित हुई कार्यशाला, पंचायत जनप्रतिनिधियों व सरकारी कर्मियों को दिए कई निर्देश
लोहरदगा। जिले के उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में मंगलवार को चक्रवात के कारण हुई बारिश के बाद हुई फसल क्षति व मुआवजा के संबंध में कार्यशाला का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। आयोजित इस कार्यशाला में उपायुक्त ने बताया कि माह अक्टूबर 2025 के अंत में मोंथा चक्रवात के कारण लोहरदगा जिला में दो-तीन दिनों तक बारिश हुई। बारिश के पूर्व कई किसानों ने धान की कटाई प्रारंभ कर दी थी जिसके कारण कई किसानों का कटाई किया गया धान खेतों में ही रह गया और फसल क्षति हुई। इसमें जिन किसानों ने खरीफ फसल अंतर्गत बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अपना निबंधन कराया था उन्हें फसल नुकसान के 72 घंटे के अंदर ही बीमा कंपनी को सूचित करने का प्रावधान है। ऐसे किसान टॉल फ्री नंबर 14447 पर कॉल कर सूचना दे सकते हैं। इस दौरान फसल क्षति व बीमा से संबंधित जानकारी मांगी जाएगी जो आपको देनी है। उपायुक्त ने सभी मुखिया, वीएलई व कृषक मित्र को उक्त जानकारी संबंधित किसाना तक पहुंचाने व उनसे कॉल कराने का निर्देश दिया। टॉल फ्री नम्बर पर कॉल कर बीमित किसान अपना पूरा विवरण, जिसमें बीमा कंपनी का नाम, आवेदन संख्या, किसान का नाम,भूमि का विवरण, फसल का नाम और गांव व प्रखंड का विवरण शामिल है, सही-सही बताएं।शिकायत प्राप्त होने के उपरांत नियत समय सीमा के अंदर बीमा कंपनियों द्वारा जिला कृषि पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी के साथ स्थल निरीक्षण कर नुकसान हुए फसल की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो किसान बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में निबंधित हैं परंतु उन्होंने अपनी फसल नहीं काटी है उन्हें क्रॉप कटिंग एक्सपेरिंट के अंतर्गत हुई क्षति का आकलन कर मुआवजा दिया जाएगा। और इसके अतिरिक्त जो किसान बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में निबंधित नहीं हैं लेकिन उनकी फसल को क्षति पहुंची है वे कृषक मित्र, बीटीएम-एटीएम, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी या अंचल अधिकारी के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसमें पदाधिकारियों द्वारा किसान के फसल क्षति का भौतिक निरीक्षण किया जाएगा। ऐसे किसानों को आपदा के तहत लाभान्वित किये जाने का प्रस्ताव राज्य सरकार के पास भेजा जाएगा।
किस्को व पेशरार के मुखिया को मिली फसल मुआवजा की जानकारी
उपायुक्त ने किस्को और पेशरार प्रखण्ड अंतर्गत पंचायतों के मुखिया से बात कर फसल की क्षति से संबंधित मुआवजा की जानकारी दी। साथ ही अपील की कि निर्धारित समय के अंदर किसानों द्वारा सूचना दे दी जाए। वही कार्यशाला में एचडीएफसी ईआरजीओ जेनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के जिला समन्वयक द्वारा भी बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत क्लेम करने की विस्तृत भी जानकारी दी गई।
कार्यशाला में इनकी रही भागेदारी
डीसी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास, जिला सहकारिता पदाधिकारी विजय प्रताप तिर्की, जिला अग्रणी प्रबंधक, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी सुशील कुमार, सभी अंचल अधिकारी, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी, सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, सभी अंचल निरीक्षक, सभी जनसेवक, हल्का कर्मचारी, सभी एटीएम-बीटीएम, सभी मुखिया, उप मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव, कृषक मित्र, सभी सीएससी संचालक आदि शामिल हुए।
