कुडू पुलिस की दबिश में अवैध हथियार बरामद
By Teem Lohardaga live

थाना प्रभारी मनोज कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया खुलासा

लोहरदगा। पुलिस अधीक्षक लोहरदगा के निर्देश पर कुडू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना प्रभारी मनोज कुमार ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पूरे मामले का खुलासा किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुडू थाना क्षेत्र के ग्राम चेटर निवासी स्व गफ्फार पवारिया का पुत्र जसीम पवरिया किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने देर रात चेटर गांव में छापेमारी की और संदिग्ध जसीम पवरिया को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने घर में छिपाए गए हथियारों की जानकारी दी। पुलिस ने उसके निशानदेही पर एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा तथा तीन 12 बोर के कारतूस बरामद किया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कुडू थाना कांड संख्या 110/25, दिनांक 20.10.2025, धारा 25(1-B)a/26 Arms Act के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी एवं बल:
थाना प्रभारी मनोज कुमार, राम कुमार ठाकुर, जलेश्वर सहार, वैभव नारायण मिर्धा, तथा चौकीदार घनश्याम यादव सहित अन्य सशस्त्र बल मौजूद थे।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि कुडू थाना क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
