कोयला एवं खनन संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में उठे अहम मुद्दे
By Team orange hindi

लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने घरेलू उत्पादन बढ़ाने, अवैध खनन पर रोक और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर दिया जोर
लोहरदगा। संसद की कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक नई दिल्ली में समिति के अध्यक्ष सांसद अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत, आसनसोल के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा समेत समिति के अन्य सदस्य और संबंधित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कोयला एवं लिग्नाइट क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, घरेलू उत्पादन बढ़ाने, आयात पर निर्भरता कम करने तथा अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर जोर
बैठक में सांसद सुखदेव भगत ने कोयला एवं लिग्नाइट क्षेत्र में घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए घरेलू उत्पादन बढ़ाने के साथ कोयले के आयात पर निर्भरता को कम करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाने चाहिए।
अवैध खनन और चोरी रोकने पर उठाया मुद्दा
सांसद ने अवैध कोयला खनन और कोयला चोरी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की बात रखी। उन्होंने खनन प्रहरी मोबाइल एप और सैटेलाइट सर्विलांस जैसी तकनीकों के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया, ताकि अवैध खनन की गतिविधियों की समय रहते पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
रियल टाइम निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग
सुखदेव भगत ने खदानों से कोयले के परिवहन और स्टॉक की रियल टाइम निगरानी के लिए कोयला शक्ति डैशबोर्ड को प्रभावी तरीके से संचालित रखने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने से कोयले के परिवहन और भंडारण में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
बैठक से पहले भी हुई चर्चा
बैठक से पूर्व सांसद सुखदेव भगत और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने समिति की बैठक के एजेंडे से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस दौरान कोयला क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उठाए गए मुद्दों के माध्यम से कोयला क्षेत्र में उत्पादन, पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक कदमों पर चर्चा हुई।