भंडरा में पारिवारिक विवाद में बेटे ने पिता और पत्नी की कुल्हाड़ी से की हत्या
By Team Lohardaga live

तीन साल की मासूम बेटी गंभीर घायल, आरोपी गिरफ्तार; गांव में पसरा मातम
लोहरदगा। जिले के भंडरा थाना क्षेत्र स्थित सेंगरा टोली गांव सोमवार को उस समय दहल उठा, जब एक ही परिवार के भीतर हुए विवाद ने भयावह रूप ले लिया। घर के बेटे ने कथित तौर पर ऐसी दरिंदगी दिखाई कि परिवार की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं। कुल्हाड़ी से किए गए हमले में पिता और बहू की मौत हो गई, जबकि तीन वर्षीय मासूम बच्ची जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
मृतकों की पहचान सुरेंद्र उरांव (60 वर्ष) और सुजाता उरांव (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायल बच्ची रियांशी का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। आरोप है कि संदीप उरांव (35 वर्ष) ने अचानक घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पहले अपने पिता पर हमला किया और फिर पत्नी व बेटी को भी निशाना बना दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण जब तक घर पहुंचे, तब तक सुरेंद्र उरांव और सुजाता उरांव दम तोड़ चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने खून से लथपथ हालत में घायल मासूम रियांशी को अपनी गोद में उठाकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी का व्यवहार पिछले कुछ दिनों से असामान्य दिखाई दे रहा था।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे सेंगरा टोली गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
