Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में कांग्रेस ने NEET पेपर लीक मामले पर केंद्र सरकार को घेरा, शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा

By Team Lohardaga live

political
प्रेस वार्ता के दौरान उपस्थित कांग्रेसी

पेपर लीक से छात्रों का भविष्य खतरे में, देशव्यापी आंदोलन की तैयारी : उज्जवल प्रकाश तिवारी

लोहरदगा। नीट (NEET) परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा तेज कर दिया है। इसी क्रम में कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र भवन में प्रेस वार्ता आयोजित कर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता उज्जवल प्रकाश तिवारी ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

उज्जवल प्रकाश तिवारी ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली पर छात्रों का भरोसा कमजोर हुआ है और कई छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी छात्रों के न्याय और उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब देशभर में छात्रों को एकजुट कर केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति बना रही है। इसके तहत प्रत्येक जिला मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली की कथित विफलताओं को जनता के सामने रखा जाएगा।

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है। किसान आंदोलन के दौरान पार्टी किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रही थी और अब छात्रों के हितों की रक्षा के लिए भी अंतिम सांस तक संघर्ष करेगी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय शिक्षा पर अधिक बजट खर्च किया जाता था, जबकि वर्तमान केंद्र सरकार ने शिक्षा बजट में कमी की है। उन्होंने सवाल उठाया कि शिक्षा के लिए निर्धारित संसाधनों का उपयोग आखिर किस दिशा में किया जा रहा है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।