Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में पुलिस ने चोरी की चार मोटरसाइकिलों के साथ एक को किया गिरफ्तार, एक फरार

By Teem Lohardaga live

Crime
प्रेस वार्ता करते थाना प्रभारी

गुप्त सूचना पर छापामारी कर बाइक चोरी गिरोह का खुलासा

बरामद मोटरसाइकिल

लोहरदगा। कैरो थाना पुलिस ने बाइक चोरी व खरीद–बिक्री में शामिल गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहा। रविवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में थाना प्रभारी कुंदन कुमार रवानी ने इस कार्रवाई की जानकारी दी।

थाना प्रभारी ने बताया कि 29 नवंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक लोहरदगा को गुप्त सूचना मिली थी कि चरिमा बगीचा के पास चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद–बिक्री होने वाली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और छापामारी की कार्रवाई शुरू की गई।

छापामारी के दौरान दो संदिग्ध मौके से भागने लगे। सुरक्षा बलों ने पीछा कर एक युवक को दबोच लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए युवक की पहचान जसीम अंसारी (20 वर्ष), निवासी चरिमा नाथूटोला, थाना कैरो के रूप में हुई। पूछताछ में उसने फरार युवक का नाम मेराज खान, पिता रहमान खान, निवासी घाघरा, थाना बेडो, रांची बताया।

पुलिस ने मौके से दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिन्हें बेचने के लिए लाया गया था। वहीं पूछताछ में जसीम ने खुलासा किया कि समसुल अंसारी उर्फ शंभु, सबुत अंसारी उर्फ लंगड़ा (दोनों निवासी चरिमा नाथूटोला) और फैजल खान (निवासी घाघरा, थाना बेडो) द्वारा चोरी की दो अतिरिक्त मोटरसाइकिलें उसे बेचने के लिए दी गई थीं, जो उसके घर के आंगन में खड़ी थीं। बाद में सभी चार मोटरसाइकिलों को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाना लाया।

पुलिस ने मामले में कैरो थाना कांड संख्या 66/25, दिनांक 29.11.25, धारा 317(4)/317(5)/112 भान्यासं-23 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।