मॉडल यूथ ग्राम सभा में छात्रों ने संभाली पंचायत की कमान, गांव की समस्याओं पर निकाला समाधान
By Team orangehindi


पंचायती राज व्यवस्था की समझ विकसित करने के लिए कुजरा पीएम श्री विद्यालय में हुआ आयोजन
लोहरदगा। पीएम श्री राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, कुजरा में गुरुवार को मॉडल यूथ ग्राम सभा का आयोजन किया गया। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जमीनी लोकतंत्र और पंचायती राज व्यवस्था की समझ विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9 के विद्यार्थियों ने ग्राम सभा का मंचन किया। छात्रों ने सरपंच, वार्ड सदस्य, सचिव, सहायक सचिव और ग्रामीणों की भूमिका निभाते हुए गांव की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को एजेंडे में शामिल कर व्यावहारिक समाधान तलाशने का प्रयास किया गया।
JEPC द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत सीआरपी जितेंद्र मित्तल ने विद्यालय की गतिविधियों का मूल्यांकन किया। इसमें रोल एवं एजेंडा की स्पष्टता, विद्यार्थियों की भागीदारी, चर्चा की गुणवत्ता, समुदाय की सहभागिता तथा व्यावहारिक समाधान सहित 10 बिंदुओं पर कुल 50 अंकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को मॉडल/एक्सेंप्लरी श्रेणी में शामिल किया जाएगा।
बताया गया कि यह पहल केंद्र सरकार के पंचायती राज मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय और जनजातीय कार्य मंत्रालय की संयुक्त पहल से जुड़ी है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को ग्राम स्वराज और स्थानीय लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में पीरामल फाउंडेशन की गांधी फेलो आरती गायकवाड़ और आयुषी निगम ने सहयोग किया। नोडल शिक्षक अभय कुमार साहू ने विद्यार्थियों को विशेष तैयारी कराई। प्रभारी प्रधानाध्यापक राजश्री भगत ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर ऐसे कार्यक्रम बच्चों को पंचायती राज व्यवस्था की व्यापक समझ विकसित करने में सहायक हैं। मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक और शिक्षक उपस्थित थे।