स्वच्छता को अपनी जीवनशैली में शामिल करें, प्लास्टिक का उपयोग कम करें : सुखदेव भगत
By Team Lohardaga Live

लोहरदगा। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत शनिवार को शिक्षा विभाग लोहरदगा की ओर से जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय हिंदू लोहरदगा में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में सुखदेव भगत, लोहरदगा संसदीय क्षेत्र और उपायुक्त डॉ ताराचंद शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरूआत में सभी छात्र-छात्राओं को स्वच्छता शपथ दिलायी गई।
कार्यक्रम में सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि मन में स्वच्छता हमेशा रहनी चाहिए। साफ-सफाई की आदत एक दिन के लिए नहीं बल्कि जीवन भर के लिए अपनायी जानी चाहिए। आप सभी आज की स्वच्छता शपथ में कही गई बातों को आत्मसात करें। प्लास्टिक का कम से कम प्रयोग अपने दिनचर्या में करें। जो पर्यावरण में विलीन हो जाए वैसी चीजों का प्रयोग करें। डस्टबीन में कचरा डालें। इधर-उधर कचरा नहीं डालें। मन दूषित नहीं होना चाहिए तो सभी चीजें ठीक होंगीं।
उपायुक्त डॉ ताराचंद ने कहा कि कण-कण में भगवान होते हैं इसलिए हमें सभी स्थानों को साफ-सुथरा रखना चाहिए। हम हमेशा प्रकृति के करीब रहे हैं और हमेशा हम सब ने साफ-सफाई का ध्यान रखा है। रहन-सहन और साफ-सफाई के दृष्टिकोण से हमारा झारखण्ड बेहद समृद्ध व सुदृढ़ रहा है। स्वच्छता के लिए हमारे राज्य को पुरस्कार प्राप्त होते रहे हैं। हम प्रत्येक दिन हमारे आसपास के क्षेत्र को साफ रखें। स्वच्छता सिर्फ अपने तन की नहीं या आसपास की नहीं बल्कि मन की भी स्वच्छता का ध्यान हमें रखना है। स्वच्छता के साथ हमारे जीवन में एक बड़ा बदलाव आ सकता है।
परिसर के साफ-सफाई में शामिल हुए अतिथि
आज के साफ-सफाई कार्यक्रम में सांसद, उपायुक्त, सांसद के निजी सचिव आलोक साहू, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, सहायक शिक्षा कार्यक्रम पदाधिकारी एमलेन सुरीन, प्राधानाध्यापक निच्छल मिंज, सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
