Orange hindi lohardaga live

माध्यमिक व इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों का बढ़ाएं मनोबल : उपायुक्त

By Team Lohardaga live

Administrative
पंचाइत कर गोइठ कार्यक्रम में शामिल उपायुक्त व अन्य अधिकारी

पंचाइत कर गोइठ कार्यक्रम में मुखियाओं से की अपील

लोहरदगा। उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में शनिवार को पंचाइत कर गोइठ कार्यक्रम का 22वां आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त ने आगामी माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाने की अपील सभी पंचायत मुखियाओं से की।

उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा का यह महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसमें विद्यार्थियों को सकारात्मक वातावरण और मानसिक संबल की आवश्यकता होती है। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका अहम है।

एकलव्य आवासीय विद्यालयों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू

उपायुक्त ने जानकारी दी कि झारखंड राज्य के अंतर्गत एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा छह में नामांकन हेतु विज्ञापन जारी कर दिया गया है। जिले के सभी एकलव्य विद्यालयों में प्रति विद्यालय 30 छात्र एवं 30 छात्राओं के लिए सीटें उपलब्ध हैं।

कक्षा पांच में अध्ययनरत इच्छुक छात्र-छात्राएं 10 फरवरी तक डाक के माध्यम से जिला कल्याण कार्यालय में भरा हुआ आवेदन भेज सकते हैं। प्रवेश परीक्षा का आयोजन 8 मार्च 2026 को किया जाएगा। साथ ही बच्चों को पंचायत स्थित ज्ञान केंद्रों में अध्ययन के लिए प्रेरित करने की अपील भी की गई।

धान विक्रय करने वाले किसानों को 5.5 करोड़ रुपये का भुगतान

उपायुक्त ने बताया कि लैम्प्स और एफपीओ के माध्यम से सरकार को धान बेचने वाले किसानों को अब तक कुल 5.5 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। जिले में धान अधिप्राप्ति केंद्रों के माध्यम से लगभग 45 हजार क्विंटल धान की खरीद की गई है।

उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास अब भी धान उपलब्ध है, वे 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से सरकार को धान बेच सकते हैं। इच्छुक किसान स्वयं मोबाइल या प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं।

विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी), फाइलेरिया उन्मूलन हेतु मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन, तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के जल सेवा अभियान की भी जानकारी दी गई।

दिवंगत मुखिया के प्रति शोक संवेदना

उपायुक्त ने पंडरा पंचायत के दिवंगत मुखिया अमरनाथ राम के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुखिया, पंचायत सचिव एवं ग्रामीणों ने भी सहभागिता निभाई।