सेंट्रल हॉल में INDIA गठबंधन की बैठक, सुखदेव भगत ने प्रियंका गांधी को बताई बस्तर की स्थिति
By Team orangehindi

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की जांच और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर चर्चा, बोधघाट परियोजना से आदिवासियों के विस्थापन का मुद्दा भी उठाया
नई दिल्ली। पुरानी संसद के ऐतिहासिक सेंट्रल हॉल में शुक्रवार को INDIA गठबंधन के सांसदों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों, वोट चोरी के आरोपों और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से प्रस्तावित मुलाकात की रणनीति पर चर्चा की गई। गठबंधन की ओर से राष्ट्रपति को संयुक्त ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी एवं लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत के बीच भी बातचीत हुई। इस दौरान भगत ने प्रियंका गांधी को छत्तीसगढ़ के अपने हालिया दौरे के दौरान सामने आए मुद्दों की जानकारी दी। उन्होंने बस्तर संभाग में बाढ़ से प्रभावित आदिवासी परिवारों की स्थिति, फसलों को हुए नुकसान और राहत कार्यों को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित परिवारों को पर्याप्त राहत नहीं मिल रही है।
भगत ने बोधघाट बांध परियोजना से जुड़े मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उनके अनुसार, परियोजना से 50 से अधिक आदिवासी गांवों और हजारों एकड़ पुश्तैनी जमीन के प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने ग्रामसभा की सहमति के बिना सर्वे किए जाने का आरोप लगाते हुए आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों का सवाल उठाया।
बताया गया कि प्रियंका गांधी ने इन मुद्दों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि बस्तर के आदिवासियों की समस्याओं को राहुल गांधी तक पहुंचाया जाएगा तथा पार्टी स्तर पर राष्ट्रीय मंच पर उठाने का प्रयास किया जाएगा।