लोकतंत्र और वोट के अधिकार को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख करेगा INDIA गठबंधन : सुखदेव भगत
By Team orangehindi

राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद सांसद ने कहा—यह शक्ति प्रदर्शन नहीं, जनभावनाओं की अभिव्यक्ति है
लोहरदगा। लोहरदगा के सांसद एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही को लेकर केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन की यह पहल किसी राजनीतिक दल की लड़ाई नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा से जुड़ा सवाल है। राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद गठबंधन के सांसद सोमवार को सुप्रीम कोर्ट का रुख करने की तैयारी में हैं।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर अपनी चिंताओं को सामने रखा है। अब सुप्रीम कोर्ट के समक्ष भी अपनी बात रखने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बेहद महत्वपूर्ण है।
भगत ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पिछले दो वर्षों से कथित वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। उनके अनुसार, यह विषय केवल कांग्रेस तक सीमित नहीं है, बल्कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और संस्थाओं की जवाबदेही से भी जुड़ा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए सांसद ने कहा कि चुनाव आयोग को उठाए जा रहे सवालों का जवाब तर्क और संवाद के माध्यम से देना चाहिए। उन्होंने दिल्ली में युवाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार पर भी चिंता जताई और कहा कि लोकतंत्र में असहमति तथा सवाल पूछने के अधिकार का सम्मान होना चाहिए।
भाजपा पर निशाना साधते हुए भगत ने सवाल किया कि जब विपक्ष चुनाव आयोग से जवाब मांगता है, तो भाजपा उसका जवाब क्यों देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनके मुताबिक, आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी नागरिकों के मताधिकार की रक्षा करना है।
सांसद ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के सवालों का जवाब संवाद और संवैधानिक प्रक्रिया के जरिए दिया जाना चाहिए।