वोट के अधिकार की लड़ाई में 8 अक्टूबर को सड़क पर उतरेगा इंडिया गठबंधन
By Team orangehindi

मैना बगीचा से आंबेडकर प्रतिमा तक निकलेगा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च, कांग्रेस, राजद और भाकपा (माले) समेत घटक दलों ने बनाई रणनीति
लोहरदगा। लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन 8 अक्टूबर को लोहरदगा में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकालेगा। सोमवार को गठबंधन के घटक दलों की संयुक्त बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में आंदोलन की रूपरेखा की जानकारी दी गई। मार्च मैना बगीचा स्थित वीर बुद्धू चौक से शुरू होकर समाहरणालय परिसर स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने बताया कि दिल्ली में इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व की बैठक में एसआईआर समेत मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी। इसी के दिशा-निर्देश के आधार पर लोहरदगा में गठबंधन के दलों ने संयुक्त रूप से आंदोलन की रणनीति तैयार की है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग सहित संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और स्वतंत्रता लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है तथा मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा जरूरी है।
भाकपा (माले) नेता महेश सिंह सांवरिया ने कहा कि लोकतंत्र और जनअधिकारों से जुड़े मुद्दों पर गठबंधन एकजुट है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मार्च को व्यापक जनभागीदारी वाला कार्यक्रम बनाने की अपील की।
राजद जिलाध्यक्ष शाहिद अहमद ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होंगे। कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद ने कहा कि संविधान, नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए गठबंधन का संघर्ष जारी रहेगा।
गठबंधन नेताओं के अनुसार मार्च का समापन आंबेडकर प्रतिमा के समक्ष होगा, जहां लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया जाएगा। प्रेस कांफ्रेंस में सीपीआईएम के दिलीप वर्मा, कांग्रेस के सलीम अंसारी, सदरुल अंसारी, दानिश अली, मुजम्मिल अंसारी समेत विभिन्न घटक दलों के नेता मौजूद थे।