Orange hindi lohardaga live

अविराम कॉलेज ऑफ एजुकेशन में बीएड प्रशिक्षुओं के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित

By Team Lohardaga live

Education
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि व छात्राएं

लोहरदगा। जिले के कुडू स्थित अविराम कॉलेज ऑफ एजुकेशन में बीएड सत्र 2025-27 के नवप्रवेशी प्रशिक्षुओं के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के सचिव इन्द्रजीत भारती द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई। इस अवसर पर उन्होंने नए प्रशिक्षुओं का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षण की जिम्मेदारियों और इस पेशे की गरिमा के बारे में प्रेरक विचार साझा किए।

विभागाध्यक्ष एवं क्लास टीचर जंग बहादुर महतो ने प्रशिक्षुओं को इंडक्शन कार्यक्रम के उद्देश्यों और विषयवस्तु की जानकारी दी। उन्होंने बीएड कोर्स की संरचना, लर्निंग आउटकम, कॉलेज की स्थापना, उद्देश्य, मानवीय और भौतिक संसाधनों के साथ-साथ विभिन्न सेल विशेष रूप से एंटी रैगिंग सेल के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रतिमा त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इंडक्शन कार्यक्रम नए प्रशिक्षुओं के लिए संस्थान की कार्यसंस्कृति, मूल्यों और शिक्षण पद्धतियों को समझने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने शिक्षण पेशे में अनुशासन, संवेदनशीलता और निरंतर आत्म-विकास के महत्व पर बल दिया।

इस अवसर पर संकाय सदस्य रेणुका कुंदन, पंकज, पवन, ममता, आरती, अमृत तबस्सुम, प्यारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और अंत में प्रशिक्षुओं को कॉलेज के विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।