होल्डिंग टैक्स में राहत की पहल, कमी के लिए नगर विकास विभाग को भेजेगा प्रस्ताव
By Team orangehindi

छठ से पहले संवरेगा ठकुराइन तालाब, शहर में लगेंगी स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं
लोहरदगा। नगर परिषद लोहरदगा की बोर्ड की सामान्य बैठक में बढ़े हुए होल्डिंग टैक्स का मुद्दा प्रमुखता से उठा। 8 अक्टूबर को नगर परिषद सभागार में अध्यक्ष अनिल उरांव की अध्यक्षता में हुई बैठक में होल्डिंग टैक्स कम करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से नगर विकास विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही शहर के सौंदर्यीकरण, स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और आगामी त्योहारों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में नगर परिषद परिसर में स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद भगत सिंह की प्रतिमाएं स्थापित करने पर सहमति बनी। इसके अलावा शहर के खाली पड़े प्रमुख चौक-चौराहों पर भी स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं लगाने का निर्णय लिया गया। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए शहर में साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।
नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि बढ़े हुए होल्डिंग टैक्स से शहर के लोग परेशान हैं। खासकर गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए टैक्स का भुगतान करना कठिन हो रहा है। जनता की परेशानी को देखते हुए टैक्स में कमी के लिए नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि दुर्गापूजा से पहले शंख नदी से बख्शीदीपा तक रोपवे लाइट लगाने का काम शुरू कराने की पहल की जाएगी। वहीं, छठ पर्व से पहले ठकुराइन तालाब का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। योजना के तहत तालाब के बीच वाटर फाउंटेन, चारों ओर पेवर ब्लॉक, बैठने के लिए आरसीसी बेंच और सजावटी लाइट लगाने का प्रस्ताव है। शहर के सभी प्रमुख पथों पर कालीकरण कराने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में नगर परिषद उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर, कार्यपालक पदाधिकारी मुक्ति किड़ो, सिटी मैनेजर जया लक्ष्मी भगत, करण कुमार, सचिन कुमार, संजय कुमार सहित सभी वार्ड पार्षद उपस्थित थे।