बॉक्साइट खदानों और ट्रकों का परिचालन जल्द शुरू कराने की पहल, धीरज प्रसाद साहू ने अधिकारियों से की बात
By Team orange hindi

डीएमओ का पद खाली रहने से गुमला में खनन गतिविधियां प्रभावित, ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने पूर्व राज्यसभा सांसद के सामने रखी समस्या
लोहरदगा। गुमला जिले में जिला खनन पदाधिकारी का पद लंबे समय से रिक्त रहने के कारण बॉक्साइट खनन और परिवहन से जुड़े कारोबार पर असर पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व राज्यसभा सांसद एवं एसोसिएशन के संरक्षक धीरज प्रसाद साहू से उनके आवास पर मुलाकात की और पूरी स्थिति से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि गुमला जिले में डीएमओ के स्थानांतरण के बाद करीब डेढ़ महीने से पद रिक्त है। नए जिला खनन पदाधिकारी की नियुक्ति नहीं होने के कारण बॉक्साइट खदानों को चालान निर्गत करने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। एसोसिएशन के अनुसार, इसका सीधा असर खनन और परिवहन गतिविधियों पर पड़ा है।
लगभग डेढ़ हजार ट्रकों का परिचालन प्रभावित
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि गुमला जिले में हिंडाल्को की करीब आधा दर्जन बॉक्साइट खदानें पिछले लगभग 15 दिनों से बंद हैं। इसके चलते करीब डेढ़ हजार ट्रकों का परिचालन प्रभावित हुआ है। ट्रक मालिकों के साथ-साथ चालक, सहचालक, लोडर, अनलोडर, गैरेज संचालक, पेट्रोल पंप, मोटर पार्ट्स और टायर कारोबार से जुड़े लोगों के रोजगार पर भी इसका असर पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बॉक्साइट खनन लोहरदगा, गुमला और लातेहार क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और रोजगार का महत्वपूर्ण आधार है। खनन गतिविधियों के रुकने से इससे जुड़े हजारों परिवारों के सामने आर्थिक परेशानी बढ़ रही है।
धीरज प्रसाद साहू ने गुमला उपायुक्त से की बात
एसोसिएशन की समस्याओं को सुनने के बाद धीरज प्रसाद साहू ने गुमला उपायुक्त से दूरभाष पर बातचीत कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वे अपने स्तर से राज्य सरकार को भी इस समस्या से अवगत कराएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री से बातचीत करने और राज्य के वरीय अधिकारियों के समक्ष भी डीएमओ की नियुक्ति का मुद्दा रखने की बात कही।
उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द गुमला जिले में जिला खनन पदाधिकारी की पदस्थापना हो, ताकि खनन से जुड़ी गतिविधियां दोबारा सामान्य हो सकें और ट्रक मालिकों सहित इससे जुड़े लोगों का रोजगार सुचारू रूप से चल सके।
मुलाकात के दौरान लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह, सचिव मुद्रिका यादव, कोषाध्यक्ष अभय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष इम्तियाज उर्फ बबलू, सहसचिव बरज सिंह, रहमत अंसारी, मीडिया प्रभारी राजेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।