ट्रक मालिकों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा : सांसद सुखदेव भगत
By Teem Lohardaga live
लोहरदगा सांसद को ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन, माइंस क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की रखी मांग


लोहरदगा। झारखंड पठारी चंदवा लोहरदगा ट्रक ऑनर एसोसिएशन की संचालन समिति का एक प्रतिनिधिमंडल लोहरदगा लोकसभा सांसद श्री सुखदेव भगत से उनके आवास पर मुलाकात कर माइंस क्षेत्रों में ट्रक मालिकों के साथ हो रहे शोषण और अन्य समस्याओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
हिंडालको पर भेदभाव का आरोप, ट्रिप वितरण में अनदेखी
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को जानकारी दी कि हिंडालको कंपनी ट्रिप आवंटन में आम ट्रक मालिकों के साथ भेदभाव करती है। इससे न सिर्फ ट्रक मालिकों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है बल्कि उनके व्यवसाय पर भी संकट मंडरा रहा है।
गुरदरी माइंस की भूमि विवाद बना बाधा, चिरुड़ीह माइंस में धांधली की शिकायत
गुरदरी माइंस की ज़मीन का मामला गुमला उपायुक्त के पास लंबित है। ट्रक मालिकों ने मांग की कि ज़मीन परमिट शीघ्र दिलवाया जाए जिससे ट्रिप की संख्या में वृद्धि हो सके।
चिरुड़ीह माइंस में हो रही धांधली, टोकन सिस्टम में अनियमितता और ट्रिप वितरण को लेकर भी प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई।
सेरंगदाग माइंस में जालिम माइंस की गाड़ियों के समायोजन की मांग
संचालन समिति ने सांसद से अनुरोध किया कि जल्दी शुरू होने जा रहे सेरंगदाग माइंस में जालिम माइंस में चल रही गाड़ियों को समायोजित किया जाए, जिससे ट्रक मालिकों को राहत मिले।
NKCPL की अवैध वसूली और कार्यालय की अनुपस्थिति से परेशानी
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को अवगत कराया कि NKCPL कंपनी द्वारा ट्रक मालिकों से अवैध रूप से राशि वसूली जा रही है, साथ ही जिले में कंपनी का कोई स्थायी कार्यालय न होने के कारण ट्रक मालिकों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
परमिट की समस्या पर उठी बड़ी मांग, राज्य सरकार से हस्तक्षेप की अपील
हिंडालको से जुड़े सभी ट्रकों की परमिट संबंधी समस्याओं को लेकर प्रतिनिधियों ने मांग की कि राज्य के परिवहन मंत्री से मिलकर प्रत्येक जिले में परमिट बनवाने की सुविधा सुनिश्चित कराई जाए।
सांसद ने दिया भरोसा, समस्याओं का होगा समाधान
सांसद श्री सुखदेव भगत ने ट्रक मालिकों की सभी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और आश्वासन दिया कि किसी भी ट्रक मालिक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं एक जनप्रतिनिधि हूं, जनता की समस्याओं का समाधान करना मेरा कर्तव्य है। ट्रक व्यवसाय इस क्षेत्र की रीढ़ है, जिससे हजारों परिवार जुड़े हैं। इस व्यवसाय को मजबूती देना जरूरी है।
बहुपक्षीय बैठक जल्द आयोजित करने की घोषणा
सांसद ने घोषणा की कि बहुत जल्द एक सामूहिक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें हिंडालको कंपनी के वरीय पदाधिकारी, ट्रक ऑनर एसोसिएशन के प्रतिनिधि, आम ट्रक मालिक और स्वयं सांसद मौजूद रहेंगे। बैठक में सभी मुद्दों का समाधान निकालने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में मुख्य रूप से इरशाद अहमद, इस्लाम अंसारी, पंकज सिंह, अनवर अंसारी, समसुल अंसारी, राणा प्रताप सिंह, काजू कुरैशी, सोनम राज गोलू, खुर्शीद अंसारी, सोनू विश्वकर्मा, बबलू, असीम, बरकत अंसारी, साजिद खान, मिनाज कुरैशी, मुन्ना खान, रफीक मियां, छोटू, अमजद, विष्णु जी, संजू जी, अबू सुफियान, मुस्लिम अंसारी, दाऊद आलम, फिरोज अंसारी, आसिफ खान, तनवीर अंसारी, जफर इकबाल, गुड्डू कुरैशी, आदिल अहमद सहित बड़ी संख्या में ट्रक मालिक उपस्थित थे।
