सीएसआर की राशि से विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
By Team orange hindi

डीसी ने की बैठक, पेशरार-किस्को में पेयजल और कुजरा अस्पताल के काम को प्राथमिकता देने को कहा

लोहरदगा। उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में सीएसआर से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न एजेंसियों, बैंकों और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उपायुक्त ने पिछली बैठक के निर्देशों के अनुपालन की क्रमवार समीक्षा करते हुए सीएसआर मद की राशि का उपयोग जिले की प्राथमिक जरूरतों के अनुसार करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में सीएसआर से संबंधित कोई भी कार्य गठित सीएसआर समिति की स्वीकृति के बाद ही किया जाए। उन्होंने हिंडाल्को को पेशरार और किस्को प्रखंड में नल-जल योजना से छूटे घरों तक पेयजल पहुंचाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कुजरा में अस्पताल निर्माण कार्य में तेजी लाने को भी कहा।
किस्को और पेशरार के चिन्हित विद्यालयों में प्रशिक्षित शिक्षक उपलब्ध कराने तथा विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के मरम्मती कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश भी हिंडाल्को को दिया गया। किसानों के लिए वर्मी कम्पोस्ट इकाइयों के अधूरे निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा गया।
उपायुक्त ने सोबरन मांझी पुस्तकालय में जल्द पुस्तक उपलब्ध कराने का निर्देश मेडिकेयर एनवायरमेंटल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड को दिया। भंडारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए 30 केवीए और कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए 45 केवीए जनरेटर उपलब्ध कराने की कार्रवाई करने का निर्देश क्रमशः बैंक ऑफ इंडिया और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को दिया गया।
बैठक में स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़े कई अन्य कार्यों की भी समीक्षा हुई। हिंडाल्को को टीबी मरीजों के लिए पोषण किट और बीएलएस एंबुलेंस उपलब्ध कराने, नंदिनी डैम में फिशिंग केज निर्माण तथा अन्य स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
एचडीएफसी बैंक को चिन्हित स्वास्थ्य केंद्रों में सोलर हाईमास्ट लाइट लगाने की कार्रवाई करने तथा आईसीआईसीआई बैंक को किस्को के पाखर, कुडू के चंदलासो और भंडरा के उदरंगी में सोलर बैकअप सहित कोल्ड स्टोरेज के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, पीडी आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस, हिंडाल्को एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।