MY Bharat पोर्टल से अधिक युवाओं को जोड़ने का निर्देश
By Team orange hindi

डीडीसी की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की बैठक, VBYLD में भागीदारी बढ़ाने पर जोर
लोहरदगा। मेरा युवा भारत की जिला सलाहकार समिति की बैठक बुधवार को उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के अधिक से अधिक युवाओं को MY Bharat पोर्टल से जोड़ने और युवा गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में जिला युवा अधिकारी ने MY Bharat के उद्देश्यों, पोर्टल पर उपलब्ध गतिविधियों और जिले में संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। युवाओं के लिए Experiential Learning Programme, Youth Club Development, जागरूकता, कौशल विकास और विभिन्न युवा गतिविधियों पर भी चर्चा हुई।
उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, विद्यालयों और महाविद्यालयों के साथ समन्वय कर युवाओं के पंजीकरण और जागरूकता के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि MY Bharat के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास, सरकारी योजनाओं और विभिन्न गतिविधियों से जोड़कर उनके नेतृत्व कौशल को विकसित किया जा सकता है।
उन्होंने युवाओं से MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कर वर्ष 2027 में प्रस्तावित Viksit Bharat Young Leaders Dialogue (VBYLD) में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
बैठक में MY Bharat के आगामी कार्यक्रमों और वार्षिक कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ जिले के युवाओं तक उपलब्ध अवसरों की जानकारी पहुंचाने और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाईक, उद्योग महाप्रबंधक रघुबर सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा, चंद्रमौलेश्वर, जिला नियोजन पदाधिकारी नीरू कुमारी सहित समिति के सदस्य और संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।