लोहरदगा में सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
By Team Lohardaga live

उपायुक्त ने नगर परिषद की समीक्षा बैठक में दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश
लोहरदगा। उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नगर परिषद की समीक्षा बैठक कर नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजलापूर्ति, सड़क मरम्मत एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सफाई व्यवस्था और कचरा उठाव पर विशेष जोर
बैठक में उपायुक्त ने नगर क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण तथा समय पर कचरा उठाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहर के सभी चौक-चौराहे, पार्क, तालाब एवं सार्वजनिक स्थल स्वच्छ और व्यवस्थित दिखाई देने चाहिए। नगर परिषद के अधीन आने वाली सभी सड़कों की स्थिति दुरुस्त रखने तथा जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया गया।
खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल करें दुरुस्त
उपायुक्त ने नगर क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में अंधेरे की स्थिति नहीं होनी चाहिए। जहां कहीं भी स्ट्रीट लाइट खराब हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ठीक कराया जाए ताकि नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
सभी वार्डों में निर्बाध रहे पेयजलापूर्ति
शहरी जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में पेयजलापूर्ति व्यवस्था सुचारू एवं निर्बाध रूप से संचालित हो। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बढ़ी हुई जल मांग को देखते हुए जलापूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। पाइपलाइन क्षति, जल रिसाव एवं मोटर-पंप संबंधी तकनीकी समस्याओं के समयबद्ध समाधान का भी निर्देश दिया गया।
नयी शहरी पेयजल योजना की प्रगति पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जुडको द्वारा संचालित नई शहरी पेयजलापूर्ति योजना की समीक्षा की। कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। योजना के तहत चार एसआरआर, इंटेक एवं वीयर निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर बल दिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण आवास जल्द हों पूर्ण
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिन लाभुकों ने अब तक अपना आवास निर्माण पूरा नहीं किया है, वे शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करें। जिन लाभुकों ने किस्त की राशि प्राप्त कर ली है, लेकिन आवास निर्माण नहीं करा रहे हैं, उन्हें नोटिस जारी कर राशि की वसूली की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2015-16 से 2022-23 तक की योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी अपूर्ण आवासों को जल्द पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
राजस्व संग्रह बढ़ाने पर दिया जोर
उपायुक्त ने नगर परिषद की आय के विभिन्न स्रोतों की समीक्षा करते हुए होल्डिंग टैक्स, जलकर, किराये की दुकानों, ट्रेड लाइसेंस, सार्वजनिक शौचालय, उद्यान, होर्डिंग एवं सैरात मद से प्राप्त राजस्व की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व वृद्धि के लिए उपलब्ध सभी स्रोतों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी मुक्ति किड़ो ने नगर परिषद क्षेत्र में पेयजलापूर्ति, सफाई व्यवस्था, उपलब्ध मानव संसाधन, मशीनरी एवं तकनीकी कर्मियों की स्थिति की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद मुक्ति किड़ो, नगर प्रबंधक, जुडको के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
