लोहरदगा में सघन ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान, करीब 100 वाहनों की हुई जांच
By Team orange hindi

ब्रेथ एनालाइजर से हुई शराब सेवन की जांच, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाले चालकों पर चालान

लोहरदगा। सड़क सुरक्षा को लेकर लोहरदगा शहर के कचहरी मोड़ और शंख मोड़ पर परिवहन विभाग की ओर से सघन ड्रिंक एंड ड्राइव और वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी जया शंखी मुर्मू के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया समेत विभिन्न प्रकार के करीब 100 वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से शराब सेवन की जांच की गई। इसके साथ ही बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील
जांच अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। चालकों से शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करने की अपील की गई।
सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा
जिला परिवहन पदाधिकारी जया शंखी मुर्मू ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले में वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की।
अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी के अलावा रोड सेफ्टी टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।