Orange hindi lohardaga live

दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय सूड़ी–शौण्डिक वैश्य महासम्मेलन सह सम्मान समारोह आयोजित

By Team Lohardaga live

General
महासम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद

पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने युवाओं से शिक्षा, नेतृत्व और संगठनात्मक मजबूती पर दिया जोर

सब-हेडिंग

लोहरदगा/नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित प्यारेलाल भवन में अंतर्राष्ट्रीय सूड़ी–शौण्डिक वैश्य महासम्मेलन सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए समाज के प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान समाज से जुड़ी पुस्तक “सूड़ी संदेश” का विधिवत विमोचन किया गया। पुस्तक में सूड़ी–शौण्डिक वैश्य समाज के इतिहास, सामाजिक योगदान, वर्तमान चुनौतियों तथा भविष्य की दिशा पर विस्तृत प्रकाश डाला गया है। इस अवसर पर वक्ताओं ने पुस्तक को समाज के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया।

समारोह को संबोधित करते हुए धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि सूड़ी–शौण्डिक वैश्य समाज ने देश के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज की युवा पीढ़ी को आगे आकर नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालनी होगी। शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी समाज को नई दिशा दे सकती है।

उन्होंने वरिष्ठजनों के अनुभव और मार्गदर्शन को युवाओं के लिए अमूल्य बताते हुए कहा कि दोनों के समन्वय से ही समाज निरंतर प्रगति कर सकता है। साथ ही समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सहयोग को बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में शिवरतन प्रसाद गुप्ता, अरुण पंजियार सहित समाज के कई प्रमुख एवं सम्मानित व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह के दौरान समाज के विशिष्ट व्यक्तियों को उनके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।

अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और समाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।