गुरदरी माइंस में इंटक की बैठक; मजदूरों के हक के लिए संघर्ष तेज करने का निर्णय
By Teem Lohardaga live

इमजदूर हित सर्वोपरि : आलोक कुमार साहू
लोहरदगा। इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की एक महत्वपूर्ण बैठक हिंडालको द्वारा संचालित गुरदारी माइंस परिसर में यूनियन अध्यक्ष आलोक कुमार साहू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में मजदूरों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याएँ साझा कीं और उनके त्वरित समाधान की मांग उठाई।
मजदूरों ने रैयतों की जमीन का समतलीकरण कराने, मजदूरी बढ़ाने, ड्रेस और जूते उपलब्ध कराने, मजदूरी में हो रही विसंगतियों को दूर करने, पहाड़ी एवं मेडिकल भत्ता देने, समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने तथा पेयजल, शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग रखी। इसके अतिरिक्त, बस सेवा को ककरंग से डूमरपाठ तक संचालित करने और गुणवत्तापूर्ण दवाइयों की उपलब्धता बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष आलोक कुमार साहू ने कहा कि इंटक एक राष्ट्रीय स्तर का संगठन है, जो देशभर में मजदूरों के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करता है। उन्होंने कहा कि गुरदारी माइंस में मजदूरों को उनका उचित अधिकार नहीं मिल रहा है, जिसे लेकर यूनियन सशक्त आंदोलन के लिए तैयार है। साहू ने आरोप लगाया कि हिंडालको द्वारा माइंस क्षेत्र में पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क और शिक्षा जैसी आधारभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है, जबकि रैयतों की भूमि पर ही कंपनी संचालित होती है।
उन्होंने यह भी कहा कि रैयतों की जमीन का समतलीकरण, वाहन नंबर आवंटन और एग्रीमेंट पेपर देने जैसी मूलभूत प्रक्रियाएँ भी पूरा नहीं की जा रही हैं। यदि कंपनी ने मजदूरों की मांगों को जल्द पूरा नहीं किया, तो इंटक यूनियन व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।
बैठक के बाद यूनियन अध्यक्ष आलोक कुमार साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने मैनेजर विद्यासागर सिंह से मुलाकात कर सभी समस्याओं से अवगत कराया और उनके त्वरित समाधान की मांग रखी।
बैठक में मजदूर नेता दीप दयाल सारस, महात्मा उरांव, गुड्डू शर्मा, अमित एक्का, बबलू मुंडा, पास्कल विडियो सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।
