Orange hindi lohardaga live

खाद्य दुकानों में चला जांच अभियान, नमकीन के नमूने संग्रहित

By Team orangehindi

General
खाद्य दुकानों में चला जांच अभियान, नमकीन के नमूने संग्रहित

पनीर, चटनी और स्ट्रीट फूड की भी मौके पर हुई जांच

लोहरदगा। पर्व-त्योहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को शहर के विभिन्न इलाकों में जांच अभियान चलाया। बीएस कॉलेज रोड, मंगलदेव कॉलोनी और जुरिया क्षेत्र में रेस्टोरेंट, होटल, नमकीन प्रतिष्ठानों और स्ट्रीट फूड दुकानों का निरीक्षण किया गया।

बीएस कॉलेज रोड स्थित शारदा नमकीन, सिल्वर स्पून रेस्टोरेंट, हंगर आउट रेस्टोरेंट समेत कॉलेज के आसपास संचालित फुचका और ठेला-खोमचा दुकानों की जांच की गई। शारदा नमकीन से सेव और नमकीन के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए लिए गए। संचालक को इस्तेमाल किए गए जले तेल का प्रतिदिन रजिस्टर में विवरण दर्ज करने तथा उसे अधिकृत साबुन निर्माण इकाई को देने का निर्देश दिया गया।

मंगलदेव कॉलोनी स्थित दोआंसी नमकीन का भी औचक निरीक्षण कर निर्माणाधीन नमकीन का वैधानिक नमूना लिया गया। विभाग के अनुसार नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान होटलों और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाले पनीर की मौके पर जांच की गई। विभाग के अनुसार अब तक जांच में स्टार्चयुक्त पनीर नहीं मिला है। स्ट्रीट फूड दुकानों पर चटनी, छोला और इमली पानी की भी जांच की गई।

विक्रेताओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल के उपयोग तथा एप्रन, दस्ताने और टोपी पहनकर खाद्य सामग्री तैयार करने का निर्देश दिया गया। विभाग ने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोइन अख्तर, विश्वनाथ गगराई सहित विभागीय कर्मी मौजूद थे।

और पढ़ें