Orange hindi lohardaga live

कैरो में सिंचाई विवाद ने लिया खूनी रूप, एक की मौत; दो बच्चे गंभीर

By Team orangehindi

Crime
कैरो में सिंचाई विवाद ने लिया खूनी रूप, एक की मौत; दो बच्चे गंभीर
कैरो में सिंचाई विवाद ने लिया खूनी रूप, एक की मौत; दो बच्चे गंभीर

खेत में पानी पटाने के दौरान शुरू हुआ विवाद, पिता की मौत से गांव में मातम; दो आरोपी फरार

कैरो (लोहरदगा)। लोहरदगा जिले के कैरो थाना क्षेत्र के गुड़ी खखसी टोली गांव में गुरुवार को सिंचाई को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में 40 वर्षीय कारी उरांव की मौत हो गई, जबकि उनकी 17 वर्षीय पुत्री सुजीता कुमारी और आठ वर्षीय पुत्र शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया है।

मृतक कारी उरांव, स्वर्गीय पांडे उरांव के पुत्र थे। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के ही स्वर्गीय बिरसा उरांव के पुत्र गोंदल उरांव खेत में सिंचाई कर रहे थे। सिंचाई के लिए बिछाए गए फीते के ऊपर से कारी उरांव के बच्चे गुजर रहे थे। इसी बात पर गोंदल उरांव ने बच्चों को डांट दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कारी उरांव और उनके बच्चों के साथ मारपीट की गई। घटना में कारी उरांव की मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र और पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कैरो थाना प्रभारी रवि रंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद दोनों आरोपितों के फरार होने की जानकारी मिली है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच करते हुए आरोपितों की तलाश में जुटी है।

इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मामूली विवाद में एक व्यक्ति की मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं।

और पढ़ें